By Sohel F Fidai :
गीतकार संगीतकार राज हिन्दसन ने भी एक रानू मंडल ढूंढ निकाला है। इस नयी गुमनाम प्रतिभा का नाम फरमानी नाज़ है। मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) की यह घरेलू गायिका रानू की तरह अचानक सड़क से उठाकर नहीं लाई गई। घर के काम काज करते हुए फरमानी को बचपन से ही गाने गुनगुनाने का शौक था। पिता मो० आरिफ ने इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया। बेटी की शादी कर बैतरणी पार कर गए। लेकिन, असली समस्या तो अब आन खड़ी हुई। फरमानी चार महीने बाद ही मायके आ पहुंची। क्यों भला ?
क्योंकि शौहर को गाना बजाना बिल्कुल पसंद नहीं था और बेगम बिन सुर ताल में आये कुछ करती नहीं थीं। इस बात की चर्चा शुरू हुई। एक चैनल वाले को लगा अच्छी स्टोरी बन सकती है और उसने फरमानी का फरमान अपने चैनल पर चलाया। फरमानी ने बताया कि राहुल कुमार नामक एक लड़के ने सोशल मीडिया पर उसके गाये बहुत से गाने डाल दिये हैं और सभी पसंद किये जा रहे हैं।
मुंबई में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने के लिए संघर्षरत राज हिन्दसन फरमानी नाज़ के घर गए, मिले और उसे दूसरी रानू मंडल बनाने का आश्वासन दिया। पर, फरमानी तो सयानी निकली। बोली, गाऊंगी, पर, शुभारंभ कुमार शानू के साथ गाकर ही करूंगी। राज भी हठी। शानू दा को मिला, बताया। शानू दा ने पास कर दिया। फिर राज ने “हाल ए दिल अपना” म्यूजिक वीडियो की प्लानिंग की। फरमानी ने कुमार शानू के साथ गा लिया। केयर नेशन एंटरटेनमेंट के टैग के साथ राज का यह गीत शीघ्र ही सोशल मीडिया नेटवर्क पर उपलब्ध होगा, जो फरमानी और राज दोनों के भविष्य का रास्ता निर्धारित करेगा। इस म्यूजिक वीडियो के एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर क़ासिम अंसारी हैं। इस अवसर पर फरमानी को आशीर्वाद देने ओशिवारा (मुंबई) के ए.सी.पी. सुनील एस. बेंडे भी उपस्थित थे।
Leave a Reply